मानदेय वृद्धि: आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को अब मिलेंगे 12 हजार, सहायिकाओं को 6 हजार रुपये

कलेक्ट्रेट सभागार में देखा गया अयोध्या से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण, उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकत्रियां सम्मानित.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): प्रदेश सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के राजकीय इंटर कॉलेज से आयोजित सम्मान समारोह में कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़ाकर 12 हजार रुपये और सहायिकाओं का मानदेय छह हजार रुपये प्रति माह करने की घोषणा की। कलेक्ट्रेट सभागार में इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया गया, जहां नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर 'गुरु' और कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही की मौजूदगी में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकत्रियों को सम्मानित भी किया गया।

सजीव प्रसारण में गूंजी तालियां, कार्यकत्रियों में उत्साह .कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सजीव प्रसारण के दौरान जैसे ही मुख्यमंत्री ने मानदेय वृद्धि का एलान किया, पूरा सभागार करतल ध्वनि से गूंज उठा। कार्यक्रम में उपस्थित नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर 'गुरु' और कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की मजबूत कड़ी हैं। टीकाकरण, पोषण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में इनका योगदान अतुलनीय है। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शिवकुमार गुप्ता भी मौजूद रहे।

गोदभराई व अन्नप्राशन के साथ प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान.समारोह के दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में सराहनीय काम करने वाली कार्यकत्रियों को अतिथियों ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही विभागीय परंपरा के अनुसार गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कराई गई और 0 से 5 माह तक के शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया। जनप्रतिनिधियों ने कार्यकत्रियों से इसी समर्पण भाव से आगे भी कार्य करने का आह्वान किया।

पात्रों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचे लाभ : डीएम.जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पहुंचे, यही प्रशासन का मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी ने भी जमीनी स्तर पर पोषण और बाल विकास से जुड़ी सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया। इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी गौरव स्वर्णकार समेत अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ